Sunil Chhetri Meets Messi: ‘हर दर्द की दवा…’ मेसी से मिलकर इमोशनल हुए छेत्री, वायरल हुआ पोस्ट

Sunil Chhetri Meets Messi:

नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल के आइकॉन सुनील छेत्री का एक ‘फैनबॉय’ मोमेंट (Fanboy moment) पूरी दुनिया ने देखा। अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी से मिलना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। छेत्री ने इस मुलाकात को अपने “हर दर्द की दवा” बताया है। मेसी के इस दौरे में दिल्ली का एक पड़ाव भी शामिल था, जहां फुटबॉल और क्रिकेट के दिग्गजों का आमना-सामना हुआ।

सुनील छेत्री ने एक लंबा सफर तय किया है, बहुत कुछ देखा है और सालों तक भारतीय फुटबॉल का भार अपने कंधों पर उठाया है। लेकिन रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जब लियोनेल मेसी उनके सामने खड़े थे, तो पूर्व भारतीय कप्तान ने खुद को सिर्फ एक ‘फैन’ बने रहने की इजाजत दे दी। मुंबई में आयोजित ‘GOAT India Tour’ के दौरान हुई इस मुलाकात के एक दिन बाद, सोमवार को छेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने जज्बात शेयर किए।

मेसी ने गिफ्ट की साइन की हुई जर्सी

GOAT India Tour’ के तहत 14 दिसंबर को मेसी, अपने साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद थे। इस इवेंट के दौरान मेसी ने सुनील छेत्री को अर्जेंटीना की साइन की हुई जर्सी भेंट की। कार्यक्रम का समापन महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर द्वारा मेसी को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी गिफ्ट करने के साथ हुआ। इसके बाद सचिन तेंदुलकर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मेसी और उनकी टीम के साथियों के साथ तस्वीरें भी ली गईं।

'फैन सुनील ने प्रो सुनील को हरा दिया'

छेत्री ने इंस्टाग्राम पर मेसी के साथ वह तस्वीर शेयर की जिसमें दिग्गज फुटबॉलर उन्हें जर्सी दे रहे हैं। छेत्री ने लिखा, “मुलाकात से पहले मन में थोड़ी कशमकश थी, लेकिन एक दुर्लभ जीत में, ‘फैन’ सुनील छेत्री ने ‘प्रोफेशनल’ सुनील छेत्री को हरा दिया और मैं इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता। मैं फिलहाल चोट से जूझ रहा हूं, जिस वजह से मुझे लंगड़ाना पड़ रहा है। कहने की जरूरत नहीं है कि मुझे खुद के आसपास रहना भी अच्छा नहीं लग रहा, जब मैं मैदान से ज्यादा वक्त फिजियो की टेबल पर बिता रहा हूं।”

'मेसी का खेल मेरे दुख की दवा है'

उन्होंने मेसी, डी पॉल और सुआरेज को धन्यवाद देते हुए लिखा, “मैं मुंबई जाने का प्लान लगभग कैंसिल कर चुका था, लेकिन मेरे अंदर के फैन ने बगावत कर दी और मैं चला गया। उस शख्स से मिलना जो मुझे बहुत खुशी देता है, और जिसका खेल (Art) मेरे उदास होने पर हर दर्द की दवा (Antidote) है, मुझे इसी की सख्त जरूरत थी। लियो मेसी को हमारे खेल के लिए उन्होंने जो कुछ भी किया है, उसके लिए व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देना एक सपना भी था और फर्ज भी।”

छेत्री ने आगे लिखा, “एक और वर्ल्ड कप विजेता रोड्रिगो डी पॉल से मिलना बहुत प्यारा था और फिर हमारी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन ‘नंबर 9’ खिलाड़ी लुइस सुआरेज के साथ फ्रेम शेयर करना बच्चों जैसा उत्साह देने वाला था। और मुंबई, आप बेहद खूबसूरत हैं, मुझे इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। मैं इसे कभी नहीं भूलूंगा।”

दिल्ली में क्रिकेट के दिग्गजों से मुलाकात

इस बीच, अपने दौरे के आखिरी चरण में मेसी सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यहां अरुण जेटली स्टेडियम में उन्होंने आईसीसी चेयरमैन जय शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली से मुलाकात की। जय शाह ने मेसी, सुआरेज और डी पॉल को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की। मेसी को जय शाह की तरफ से एक ऑटोग्राफ वाला क्रिकेट बैट भी मिला, जो इस दौरे के आखिरी पड़ाव पर फुटबॉल और क्रिकेट के मिलन का गवाह बना।