ब्राजील के गुआइबा (Guaiba) शहर में सोमवार दोपहर कुदरत का ऐसा कहर बरसा कि वहां लगी ‘स्टैचू ऑफ लिबर्टी’ की एक विशाल रेप्लिका (नकल) ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. करीब 40 मीटर ऊंची यह मूर्ति भयानक तूफान को झेल नहीं पाई और गिर पड़ी. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है.
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर यह घटना एक ‘Havan’ रिटेल मेगास्टोर की पार्किंग में हुई, जहां एक फास्ट-फूड आउटलेट के पास यह मूर्ति शान से खड़ी थी. दक्षिणी ब्राजील में आए तूफानों के दौरान चली तेज हवाओं ने इसे अपनी चपेट में ले लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे हवा के जबरदस्त दबाव से यह ऊंची मूर्ति पहले एक तरफ झुकी और फिर टूटकर गिर गई. जमीन पर गिरते ही मूर्ति का सिर बुरी तरह चकनाचूर हो गया.
सिर्फ ऊपर का हिस्सा टूटा इस विशाल रेप्लिका की कुल ऊंचाई करीब 114 फीट थी. ब्राजील में Havan स्टोर्स के बाहर ऐसी कई स्ट्रक्चर्स लगाए गए हैं. कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि मूर्ति का केवल ऊपरी हिस्सा, जो लगभग 24 मीटर (78 फीट) का था, वही टूटकर गिरा है. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका 11 मीटर (36 फीट) ऊंचा आधार (pedestal) अभी भी सुरक्षित है.
2020 में लगाई गई थी मूर्ति Havan ने अपने बयान में पुष्टि की है कि यह मूर्ति 2020 में स्टोर खुलने के बाद से वहां लगी थी और इसके पास सभी जरूरी तकनीकी सर्टिफिकेशन भी थे. कंपनी ने बताया कि ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए इलाके की तुरंत घेराबंदी (cordoning off) कर दी गई थी और मलबे को हटाने के लिए कुछ ही घंटों में विशेष टीमें वहां भेज दी गईं.
मेयर ने ली राहत की सांस गुआइबा के मेयर मार्सेलो मारानाटा (Marcelo Maranata) ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. उन्होंने मौके पर त्वरित कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय टीमों ने राज्य के सिविल डिफेंस अधिकारियों के साथ मिलकर आसपास के इलाके को सुरक्षित किया और अन्य नुकसान का जायजा लिया. यह घटना तूफान के चरम पर, दोपहर करीब 3 बजे हुई.
90 किमी की रफ़्तार से चली हवाएं मौसम विभाग ने क्षेत्र में 90 किलोमीटर प्रति घंटे से भी तेज हवाएं दर्ज कीं. राज्य सिविल डिफेंस ने पहले ही मौसम की चेतावनी जारी कर दी थी और लोगों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर तेज हवाओं और भारी बारिश के खतरे से आगाह किया था.
सुपरमार्केट के सुरक्षित हिस्सों में कामकाज जारी रहा, लेकिन गिरी हुई मूर्ति के आसपास के हिस्से में जाना प्रतिबंधित कर दिया गया. Havan ने कहा कि यह पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जाएगी कि क्या खराब मौसम के अलावा कोई और कारण भी था जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
पूरे इलाके में तबाही गुआइबा में आए इस तूफान ने रियो ग्रांडे डो सुल (Rio Grande do Sul) के बड़े हिस्से को प्रभावित किया. कई इलाकों में ओले गिरने, छतें उड़ने, पेड़ गिरने और बिजली गुल होने की खबरें आईं. भारी बारिश की वजह से कुछ सड़कें भी पानी में डूब गईं. मौसम विभाग ने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चलने की चेतावनी दी थी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक ‘कोल्ड फ्रंट’ (cold front) की वजह से ये तेज हवाएं चलीं. हालांकि, मंगलवार से मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है.