Girlfriend को ब्लॉक करना पड़ा जानलेवा! प्यार में पागल युवती ने प्रेमी के दिल में घोंप दिया चाकू, मौके पर मौत

बिलासपुर में प्रेम प्रसंग में युवक की चाकू मारकर हत्या गर्लफ्रेंड ने प्रेमी के दिल में चाकू मारा छत्तीसगढ़ बिलासपुर क्राइम न्यूज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक को अपनी गर्लफ्रेंड को सोशल मीडिया और फोन पर ब्लॉक करना इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। शक और जुनून में अंधी युवती ने प्रेमी के सीने में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई मोहब्बत, खून पर खत्म हुआ रिश्ता

जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना बिलासपुर जिले के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी की है। मृतक युवक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवती का नाम रोशनी सूर्यवंशी बताया जा रहा है। दोनों की पहचान और दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

लेकिन समय के साथ रिश्ते में दरार आने लगी। बताया जा रहा है कि युवक ने अचानक युवती का नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिया, जिससे रोशनी के मन में शक पैदा हो गया। यही शक आगे चलकर गुस्से और फिर खूनी जुनून में बदल गया।

फोन दिखाने को लेकर हुआ विवाद, दिल पर किया चाकू से वार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन रोशनी चाकू लेकर सीधे कामता प्रसाद के कमरे तक पहुंच गई। उसने युवक से अपना फोन दिखाने की मांग की। जब युवक ने फोन देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ ही पलों में युवती ने गुस्से में आकर युवक के सीने में चाकू घोंप दिया।

चाकू का वार सीधे दिल पर लगा, जिससे कामता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।

शव के पास बैठी रही आरोपी युवती

इस वारदात के बाद का दृश्य और भी ज्यादा चौंकाने वाला था। युवक की मौत के बाद रोशनी वहीं कमरे में उसके शव के पास बैठी रही। पुलिस के मौके पर पहुंचने से लेकर शव को अस्पताल ले जाने तक वह अपने प्रेमी के शव के पास ही मौजूद रही।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंधों में शक और गुस्से का लग रहा है। आरोपी युवती से पूछताछ की जा रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

यह वारदात एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि शक और जुनून जब रिश्तों पर हावी हो जाए, तो प्यार कितनी आसानी से मौत में बदल सकता है।