Deoria News: देवरिया में मजार पर गरजा बुलडोजर! सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा, कोर्ट के आदेश पर बड़ा एक्शन

Deoria News:

Deoria : उत्तर प्रदेश के देवरिया में रविवार को प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला. यहां शहर के रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया. यह कार्रवाई एसडीएम कोर्ट के सख्त आदेश के बाद की गई है. कोर्ट ने साफ कर दिया था कि यह मजार सरकारी बंजर जमीन पर कब्जा करके बनाई गई थी. भारी पुलिस फोर्स और अधिकारियों की मौजूदगी में मजार को हटाने का काम शुरू किया गया.

लंबे समय से चल रहा था विवाद Deoria के इस बेहद व्यस्त इलाके में बनी मजार को लेकर काफी समय से रस्साकशी चल रही थी. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद यह मामला एसडीएम और एएसडीएम (सदर) की कोर्ट तक पहुंचा. जब कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई और पुराने सरकारी दस्तावेज (राजस्व अभिलेख) खंगाले गए, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया. जांच में पता चला कि जिस जमीन पर मजार बनी है, वह सरकारी रिकॉर्ड में ‘बंजर भूमि’ के तौर पर दर्ज है.

कोर्ट में नहीं दिखा पाए कागज इस मामले में कोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई चली. एक पक्ष का आरोप था कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से धार्मिक स्थल बनाया गया है. सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि मजार बनाने के लिए न तो कोई पट्टा (Lease) लिया गया था और न ही प्रशासन से कोई नक्शा पास कराया गया था. मजार कमेटी नक्शे को लेकर अलग से भी मुकदमा लड़ रही थी, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली.

दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने मजार को ‘अवैध अतिक्रमण’ करार दिया और इसे तुरंत हटाने का आदेश जारी कर दिया. प्रशासन ने मजार कमेटी से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे खुद ही इस निर्माण को हटा लें.

3 बुलडोजर और भारी पुलिस फोर्स प्रशासन के मुताबिक, मजार कमेटी ने कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए मजार हटाने पर सहमति जता दी थी. इसके बाद रविवार को तय समय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई. मौके पर तीन बुलडोजर बुलाए गए और देखते ही देखते अवैध निर्माण को गिराने का काम शुरू हो गया. किसी भी तरह के हंगामे को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.

शांतिपूर्ण तरीके से हुई कार्रवाई अधिकारियों ने बताया कि पूरा एक्शन शांतिपूर्ण तरीके से हुआ और इसका मकसद किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, बल्कि कोर्ट के आदेश का पालन करना था. प्रशासन ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन पर चाहे जैसा भी निर्माण हो, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

अफवाहों पर ध्यान न दें लोग देवरिया प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शहर हो या गांव, जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलेगा, उसे हटाया जाएगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. साथ ही हिदायत दी है कि कोई भी निर्माण करने से पहले जरूरी मंजूरी जरूर लें.