कोटा में बड़ा हादसा: डिनर के दौरान गिरी तीन मंजिला इमारत, एक कोचिंग स्टूडेंट की मौत, कई अब भी फंसे होने की आशंका

कोटा तलवंडी इलाके में गिरी तीन मंजिला इमारत का मलबा

कोटा। तलवंडी इलाके में ओपेरा अस्पताल रोड पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त नीचे बने नॉनवेज रेस्टोरेंट में कई लोग खाना खा रहे थे और रेस्टोरेंट का स्टाफ भी मौजूद था। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा शनिवार रात करीब 9 बजे हुआ। इमारत ढहते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

सूचना मिलते ही सिटी एसपी, एडीएम सिटी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय रेस्टोरेंट में कुछ ग्राहक और कुछ कर्मचारी मौजूद थे।

अवैध रूप से चल रहा था रेस्टोरें

जानकारी के मुताबिक, इमारत के नीचे संचालित नॉनवेज रेस्टोरेंट अवैध रूप से चल रहा था। निगम से इसके लिए किसी भी तरह की एनओसी नहीं ली गई थी।

14 लोगों को निकाला गया बाहर

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में कई लोग खाना खा रहे थे और स्टाफ भी ड्यूटी पर था। रात 10 बजे तक मलबे से 14 घायलों को बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर बनी थड़ियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9 बजे अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और देखते ही देखते पूरी इमारत गिर गई। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक टीमें मलबे से लोगों को निकालने में जुटी रहीं। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।

विधायक संदीप शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक संदीप शर्मा और जिला कलेक्टर पीयूष समारिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभी यह कहना मुश्किल है कि मलबे में कितने लोग दबे हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। आसपास के लोगों का कहना है कि बिल्डिंग में कई दिनों से काम चल रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

एक कोचिंग स्टूडेंट की मौत

न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सात घायलों को भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। मृतक को एक कोचिंग स्टूडेंट बताया जा रहा है। देर रात तक बचाव दल मलबे से घायलों को निकालने का प्रयास करता रहा। बताया जा रहा है कि इस इमारत के पास ही शनिवार दोपहर जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था, जिससे आशंका है कि इमारत की नींव को नुकसान पहुंचा और यह बड़ा हादसा हो गया।