मध्य प्रदेश से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया की दीवानगी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। रील बनाने के जुनून ने एक पत्नी को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने अपने ही पति की हत्या कर दी। वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
झाबुआ जिले में पुलिस ने एक दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर का देर शाम खुलासा किया। मामला थांदला थाना क्षेत्र का है, जहां 25 वर्षीय कैलाश नाम के युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच शुरू की, तो जो सच सामने आया उसने जांच अधिकारियों को भी चौंका दिया।
इंस्टाग्राम पर डांस वीडियो डालने को लेकर हुआ विवाद
जांच में पता चला कि कैलाश और उसकी पत्नी के बीच एक शादी समारोह के दौरान रील बनाने को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था। पत्नी शादी में डांस का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करना चाहती थी। कैलाश ने इसका विरोध किया और यही विवाद धीरे-धीरे खतरनाक मोड़ ले गया।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह ने आरोपी पत्नी को इतना अंधा कर दिया कि उसने पति को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
शादी की पगड़ी से ही कर दी हत्या
बताया जा रहा है कि महिला पहले से ही पति से नाराज थी। उसने सोशल मीडिया से हत्या का तरीका सीखा। इसके बाद कैलाश ने अपनी शादी में जो पगड़ी पहनी थी, उसी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कैलाश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कैलाश की मौत के बाद पुलिस ने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी कहानी बता दी।
पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया की अंधी दौड़ किस तरह रिश्तों और ज़िंदगी पर भारी पड़ सकती है।