Sonipat Crime News: इनेलो नेता भूपेंद्र दहिया की नृशंस हत्या, ऑफिस में मिला शव, 12 लाख रुपये थे साथ

Sonipat Murder

Sonipat/नई दिल्ली: Sonipat के राई इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इनेलो (INLD) के युवा हल्का अध्यक्ष भूपेंद्र दहिया की दिल्ली सीमा पर स्थित उनके ही ऑफिस में नृशंस हत्या कर दी गई। वह घर से 12 लाख रुपये की पेमेंट करने निकले थे, लेकिन देर रात उनका शव ऑफिस में खून से लथपथ मिला। पुलिस के लिए यह केस एक बड़ी पहेली बन गया है, क्योंकि मौके से अधजले नोट बरामद हुए हैं, जिससे मामला और उलझ गया है।

क्या है पूरा मामला?

नाहरी निवासी भूपेंद्र उर्फ बीनू दहिया प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और इनेलो के युवा नेता थे। गुरुवार की शाम वह घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें किसी को 12 लाख रुपये की पेमेंट करनी है। घर से निकलते वक्त उन्होंने कुछ परचून का सामान भी खरीदा था।

शुरुआत में उनकी परिवार वालों से फोन पर बात हुई, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। जब देर रात तक भूपेंद्र घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी ने घबराकर अपने जेठ (भूपेंद्र के बड़े भाई) मनोज को फोन किया।

भाई ने खोजा, तो ऑफिस में मिली लाश

मनोज तुरंत अपने भाई को ढूंढने निकले। वे पहले लामपुर बॉर्डर स्थित ऑफिस गए, लेकिन वहां कोई नहीं था। इसके बाद वे लामपुर गांव के खेतों में बने दूसरे ऑफिस पहुंचे। वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ऑफिस परिसर में भूपेंद्र का शव पड़ा था और उनके सिर से खून बह रहा था।

पुलिस जांच और अधजले नोटों का रहस्य

सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस और डीसीपी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए।

  • अधजले नोट: शव के पास एक लोहे के बर्तन में कुछ अधजले नोट मिले हैं।

  • जलाने की कोशिश: हत्यारों ने हत्या के बाद शव को पैरों की तरफ से जलाने की कोशिश भी की थी, हालांकि चेहरे पर आग के निशान नहीं हैं।

  • लूट का शक कम: मृतक के शरीर पर कड़ा और अंगूठी सुरक्षित मिले हैं, जिससे यह सिर्फ लूट का मामला नहीं लगता।

सुनसान इलाके का फायदा उठाया हत्यारों ने

जिस जगह वारदात हुई, वह इलाका काफी सुनसान है और वहां बिजली भी नहीं है। अंधेरा होने के बाद वहां कोई आता-जाता नहीं है। पास ही एक क्रिकेट अकादमी है, लेकिन वहां भी कोई नहीं रहता। पुलिस के मुताबिक, वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। हत्यारों ने सिर के पिछले हिस्से में किसी भारी हथियार या कुल्हाड़ी से वार कर इस वारदात को अंजाम दिया।