Mustafizur Rahman IPL 2026 Price: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में पैसों की बरसात हुई है और इस बारिश में सबसे ज्यादा भीगे हैं बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी तिजोरी का मुंह खोल दिया और रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर अपनी स्क्वॉड में शामिल कर लिया है. अब यह बांग्लादेशी स्टार एक नई टीम और नई जर्सी में धमाल मचाता हुआ नजर आएगा.
नई दिल्ली: एक तरफ सरहद पार सियासी माहौल गर्म है, तो दूसरी तरफ आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी की लॉटरी लग गई है. दरअसल, शेख हसीना के तख्तापलट के बाद बांग्लादेश की कमान संभाल रहे चीफ एडवाइजर मुहम्मद यूनुस (जो वहां प्रधानमंत्री जैसी शक्तियों का इस्तेमाल कर रहे हैं) का रवैया भारत के प्रति काफी तल्ख रहा है. उनके बयानों ने दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट घोल दी है. हालात ऐसे बने कि इसका असर क्रिकेट के मैदान तक पहुंचा और भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाली सीरीज को टालना पड़ा.
लेकिन, राजनीति की इस कड़वाहट के बीच आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन की तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है. यहां एक बांग्लादेशी खिलाड़ी मालामाल हो गया है. बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान पर ऑक्शन टेबल पर जमकर बोली लगी और उन्हें पूरे 9 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा गया.
ऑक्शन में मची थी होड़ रहमान को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच बिडिंग वॉर छिड़ी. दिल्ली की टीम 5.40 करोड़ तक डटी रही, लेकिन उसके बाद उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच लिए. यहीं से गेम पलटा और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की एंट्री हुई. केकेआर ने पैसों की परवाह किए बिना बोली को 9 करोड़ के पार पहुंचा दिया. अंत में 9.20 करोड़ की फाइनल बोली के साथ केकेआर ने बाजी मार ली और मुस्तफिजुर रहमान अब कोलकाता के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे.