Rourkela Viral Video: तलवार से केक काटने वाले को पुलिस ने सिखाया सबक | Odisha News

Rourkela Viral Video

Image Source : FB/ROURKELAPOLICE

सोशल मीडिया का नशा और ‘भाईगिरी’ का शौक एक युवक को इतना महंगा पड़ा कि उसे लेने के देने पड़ गए। बीच सड़क पर हथियार के साथ टशन दिखाना युवक की सबसे बड़ी भूल साबित हुई। पुलिस ने ऐसी क्लास लगाई कि अब वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है।

ओडिशा के राउरकेला से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहाँ एक युवक का ‘दबंग स्टाइल’ में जन्मदिन मनाना उसी पर भारी पड़ गया। 9 दिसंबर का यह मामला राउरकेला के मालगोदाम बस्ती का बताया जा रहा है, जहाँ एक युवक अपने दोस्तों के साथ बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी कर रहा था। लेकिन यह कोई साधारण पार्टी नहीं थी—युवक के हाथ में एक बड़ा सा धारदार हथियार था। वह हथियार लहराते हुए धमकियां दे रहा था और उसी से केक काट रहा था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस ने खुद लिया संज्ञान, दर्ज हुआ केस

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, लोगों में गुस्सा और डर का माहौल बन गया। सार्वजनिक जगह पर खुलेआम हथियार लहराने की इस हरकत को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया। उदितनगर थाना पुलिस ने किसी शिकायत का इंतजार नहीं किया, बल्कि खुद मामले का संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए एक्शन मोड में आ गई।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ सार्वजनिक सड़क पर हथियार का प्रदर्शन करने और माहौल खराब करने (Public Nuisance) के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का साफ कहना है कि इस तरह की हरकतें कानून-व्यवस्था के लिए खतरा हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लाइक्स' मिलने से पहले मिल गया 'लॉ' (Law)

पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक की सारी हेकड़ी निकल गई। जो युवक वीडियो में धमकियां दे रहा था, वह बाद में एक दूसरे वीडियो में हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दिया। उसने माना कि उससे गलती हुई है और कसम खाई कि भविष्य में वह ऐसा दोबारा नहीं करेगा।

राउरकेला पुलिस ने भी इस मामले पर चुटकी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक शानदार कैप्शन लिखा। पुलिस ने रील और युवक के माफीनामे को शेयर करते हुए लिखा, “लाइक्स (Likes) मिलने से पहले लॉ (Law) मिल गया। सार्वजनिक सड़कें इन हरकतों के लिए नहीं हैं। पुलिस आपको देख रही है, सावधान रहें।”