Rapido Driver Beaten: मुंबई में लड़की के साथ गंदी हरकत, गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को बीच सड़क पर जमकर धोया

Mumbai: जिम जा रही युवती को सुनसान जगह ले गया Rapido वाला, फिर भीड़ ने बीच सड़क पर जो किया

मुंबई: मुंबई से सटे कल्याण (पश्चिम) के सिंडिकेट इलाके में शनिवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवती ने सोचा भी नहीं होगा कि जिम जाने के लिए बुक की गई रैपिडो (Rapido) बाइक राइड उसके लिए एक डरावना सपना बन जाएगी.

आरोप है कि रैपिडो ड्राइवर युवती को जिम छोड़ने के बजाय कल्याण वेस्ट के पुलिस लाइन के पास एक अंधेरी और सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसने सारी हदें पार करते हुए युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और रेप की कोशिश करने लगा.

चीख सुनकर दौड़े लोग, फिर की ड्राइवर की धुनाई खुद को मुसीबत में देख युवती ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां दौड़ पड़े. जैसे ही युवती ने लोगों को अपनी आपबीती सुनाई, भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने आरोपी ड्राइवर को वहीं पकड़ लिया और सड़क पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी.

हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया. फिलहाल पुलिस पीड़ित युवती की शिकायत दर्ज कर रही है और आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है.