Image Credit : NDTV
मुंबई/आगरा:
बॉलीवुड की चकाचौंध के बीच से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. सुपरहिट वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ (The Family Man) में नजर आ चुका एक एक्टर अब ड्रग्स बेचने के आरोप में सलाखों के पीछे है. आरोपी का नाम मान सिंह है, जिसने ‘द फैमिली मैन’ के अलावा कई फिल्मों और वेब सीरीज में छोटे-मोटे रोल किए हैं.
मामला तब गंभीर हो गया जब आगरा की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTS) की रडार पर यह एक्टर आ गया. एएनटीएस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मान सिंह को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. उस पर MDMA जैसा खतरनाक ड्रग बेचने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई से उत्तर प्रदेश (आगरा) लाया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ और जांच की जा रही है.
महाराष्ट्र में 115 करोड़ की ड्रग्स फैक्ट्री का हुआ था खुलासा
ड्रग्स के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है. इससे पहले मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र में MD ड्रग्स बनाने वाले एक बहुत बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया था. क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 ने सातारा जिले के जावली तालुका में एक बड़ी कार्रवाई की थी.
हैरानी की बात यह थी कि सावरी गांव के एक खेत में यह ड्रग्स की फैक्ट्री चल रही थी. पुलिस ने मौके से करीब 115 करोड़ रुपये की ड्रग्स और सामान जब्त किया था.
एक गिरफ्तारी से खुली पूरी पोल
इस बड़े सिंडिकेट का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने मुलुंड इलाके में ड्रग्स बेच रहे एक शख्स को दबोचा. जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सातारा की इस फैक्ट्री का राज उगल दिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापा मारा और इस अवैध कारोबार को बंद कराया. इस मामले में अब तक 7 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.