कमांडो काजल की हत्या ने राजधानी दिल्ली को झकझोर कर रख दिया है। उसकी बेरहमी से की गई हत्या ने हर किसी को सन्न कर दिया। जिस हालत में उसकी लाश मिली, उसे देखने वालों की रूह कांप गई। इस खौफनाक मर्डर की कहानी सुनकर किसी का भी दिल दहल जाएगा।
दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो काजल की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके पति अंकुर ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। इस हत्याकांड की सबसे दर्दनाक बात ये है कि काजल चार महीने की गर्भवती थी। यानी इस घटना में एक नहीं, दो जिंदगियां चली गईं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। हमले के बाद काजल अस्पताल में भर्ती थी, जबकि आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरवाजे की चौखट पर पटका, लोहे के डंबल से सिर पर वार
दिल दहला देने वाली ये वारदात दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, 22 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे अंकुर ने काजल पर जानलेवा हमला किया। आरोप है कि उसने पहले काजल का सिर घर के दरवाजे की चौखट पर पटका और फिर लोहे के डंबल से उसके सिर पर वार किया। हमले में काजल के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ चीखती रही, लेकिन उसे बचाने कोई आगे नहीं आया। हमला करने के बाद अंकुर ने काजल के भाई निखिल को फोन किया। पुलिस के अनुसार, निखिल के बयान में कहा गया है कि अंकुर ने फोन पर बताया कि उसने उसकी बहन की हत्या कर दी है।
भाई को फोन: “बहन की लाश ले जाओ”
निखिल ने पुलिस को बताया कि 22 जनवरी की रात करीब 10 बजे अंकुर का फोन आया। उसने कहा कि काजल उससे झगड़ा कर रही है। इसके बाद काजल ने फोन लेकर भाई को समझाने की कोशिश की, लेकिन अंकुर ने फोन छीन लिया। निखिल के मुताबिक, अंकुर ने उससे बातचीत रिकॉर्ड करने को कहा और धमकी दी कि वह काजल को जान से मार देगा।
निखिल ने बयान में कहा, “मेरी बहन ने फोन लेकर समझाने की कोशिश की कि क्या हुआ था। अंकुर को उसकी कुछ बातें बुरी लग गईं। उसने फोन छीन लिया और मुझसे बातचीत रिकॉर्ड करने को कहा ताकि वह सबूत रहे। उसने कहा कि वह मेरी बहन को मार देगा। फिर मैंने उसकी चीखें सुनीं और उसके बाद फोन कट गया।”
घटना के कुछ देर बाद अंकुर खुद काजल को मोहन गार्डन के तारक अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई और उसे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार 27 जनवरी 2026 को काजल ने दम तोड़ दिया।