दक्षिणी बेंगलुरू से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली से विवाद ने दोस्ती को खून-खराबे में बदल दिया। क्रिकेट टूर्नामेंट के बाद बीयर पीते समय सिगरेट लाइटर को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने ही दोस्त को कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना आरोपी की कार में लगे डैश कैम में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को सच्चाई सामने लाने में ज्यादा समय नहीं लगा।
यह सनसनीखेज घटना हेब्बगोडी थाना क्षेत्र की है। शुरुआत में मामला एक सड़क हादसे जैसा लग रहा था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के घायल होने की सूचना मिली थी। लेकिन जब पुलिस ने डैश कैम फुटेज की जांच की, तो यह साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, वीरासंद्रा इलाके के रहने वाले 33 वर्षीय बॉडीबिल्डर प्रशांत एम और 37 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर रोशन हेगड़े पुराने दोस्त थे। रोशन केआर पुरम का निवासी है। दोनों हाल ही में एक क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल हुए थे। मैच के बाद दोनों इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी स्थित एम5 ईसिटी मॉल के पीछे एक खुले मैदान में बैठकर बीयर पी रहे थे।
इसी दौरान सिगरेट लाइटर को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में यह मामूली नोकझोंक थी, लेकिन शराब के नशे में बात बढ़ती चली गई और विवाद हिंसक हो गया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने एक-दूसरे पर बीयर की बोतलों से हमला भी किया।
हाथापाई के बाद कार से कुचलने की साजिश
झगड़े के दौरान रोशन हेगड़े की जीभ पर चोट लग गई। इसके बाद वह गुस्से में अपनी टाटा सफारी कार में बैठकर वहां से निकलने लगा। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। प्रशांत ने कथित तौर पर रोशन की कार का पीछा किया और कार की बाईं खिड़की पकड़कर लटक गया।
कार वीरसंद्रा-कम्मासंद्रा रोड पर तेज रफ्तार से दौड़ने लगी। इसी दौरान प्रशांत कथित रूप से गाली-गलौच कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी वक्त रोशन ने जानबूझकर कार की स्पीड बढ़ा दी। पहले उसने कार को एक पेड़ से टकराया और इसके बाद एक परिसर की दीवार से जोरदार टक्कर मार दी।
खिड़की से लटकते हुए मौत
दीवार से टक्कर के कारण प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। कार की खिड़की से लटकते हुए उसे कई अंदरूनी चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी रोशन हेगड़े भी इस हादसे में घायल हुआ, लेकिन उसकी चोटें ज्यादा गंभीर नहीं थीं।
डैश कैम ने खोली हत्या की परतें
घटना के बाद पुलिस को 112 आपातकालीन हेल्पलाइन पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर इसे एक एक्सीडेंट माना जा रहा था। लेकिन जब पुलिस ने आरोपी की कार में लगे डैश कैम का फुटेज खंगाला, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई।
डैश कैम वीडियो में साफ दिखा कि रोशन ने जानबूझकर कार को तेज किया और दीवार से टकराया, जिससे यह साबित हो गया कि यह एक दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रैक किया और घटना के एक घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
हेब्बगोडी पुलिस ने रोशन हेगड़े को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब के नशे में छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस हद तक खतरनाक साबित हो सकता है।