कानपुर। शहर के घनी आबादी वाले तलाक महल क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिठाई की दो दुकानों और एक बिरियानी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों के ऊपर पहली मंज़िल पर रह रहे एक ही परिवार के सात लोग और बिरियानी की दुकान के अंदर सो रहे दो कर्मचारी फंस गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
यह घटना तलाक महल लाल कुआं के पास मो. शमीम के मकान में हुई, जहां भूतल पर मो. अफजल और अकील की मिठाई की दो दुकानें संचालित हैं। मकान की पहली मंज़िल पर परिवार रहता है, जबकि बगल में दिलशाद की बिरियानी की दुकान है। शनिवार सुबह करीब 7:20 बजे अचानक मिठाई की दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिठाई की दुकान में लगी भट्ठी पूरी तरह बुझी नहीं थी, जिससे सुलगन बनी रही और उसी से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दोनों मिठाई की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और फिर बगल की बिरियानी की दुकान तक फैल गई। उस समय बिरियानी की दुकान के अंदर दो कर्मचारी शटर गिराकर सो रहे थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके।
आग लगते ही आसपास के लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान पहली मंज़िल पर मौजूद परिवार के सात लोग भी धुएं और आग की लपटों के बीच फंस गए। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही लाटूश रोड से दो, कर्नलगंज से एक और फजलगंज फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। कुल तीन दमकल गाड़ियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने सबसे पहले बिरियानी की दुकान का शटर किसी तरह उठाकर अंदर फंसे दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पहली मंज़िल पर फंसे परिवार के सात लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी की जान नहीं गई।
Read More : मेरठ रेप केस: पीड़िता की मौत के बाद पूरा गांव सील, बाहरी लोगों और मीडिया की एंट्री पर रोक
रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ-साथ दमकल कर्मियों ने आग की चपेट में आई दुकानों से तीन गैस सिलिंडर भी समय रहते बाहर निकाल लिए। अगर सिलिंडर में विस्फोट हो जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने तीनों दुकानों में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि आग की वजह से दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
अग्निशमन अधिकारी कैलाशचंद्र ने बताया कि समय पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर मिठाई की दुकान की सुलगती भट्ठी को आग की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन राहत कार्य पूरा होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।